Site icon ŦH€ अखंड भारत

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सहायक प्रबंधक पर ऋण वसूली के दौरान जानलेवा हमला

Advertisements

बखिरा (संतकबीरनगर), संवाददाता

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के सहायक प्रबंधक पवन कुमार मिश्र पर ऋण वसूली के दौरान ग्रामीणों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना बखिरा थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव की बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, सहायक प्रबंधक पवन कुमार मिश्र बैंक की वसूली प्रक्रिया के तहत प्रतापपुर गांव पहुंचे थे। इस दौरान गांव के ही निवासी धनगोपाल के पुत्र — चंद्रप्रताप और नागेंद्र ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने पहले ऋण अधिकारी को बंधक बनाया, उसके बाद मारपीट कर उनके मोबाइल फोन से वीडियो डिलीट कर दिए।

हमले में पवन कुमार मिश्र के हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर बैंक कर्मियों में भारी रोष व्याप्त है।

बैंक कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से बखिरा थाने पहुंचकर इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस घटना ने एक बार फिर बैंक कर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वसूली या अन्य क्षेत्रीय कार्यों के दौरान बैंक कर्मचारियों पर लगातार हो रहे हमलों से उनके मनोबल पर असर पड़ रहा है।

स्थानीय बैंक संघों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Exit mobile version