Site icon ŦH€ अखंड भारत

काशी विश्वनाथ दर्शन को पहुंचे अजय राय, मणिकर्णिका घाट जाने से रोके गए; पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

Advertisements

वाराणसी। उत्तर प्रदेश

कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय बुधवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता नाना पटोले के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया। दर्शन के बाद अजय राय मणिकर्णिका घाट जाने के लिए निकले, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।

दर्शन-पूजन के उपरांत चित्रा सिनेमा के पास मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने सरकार से माता अहिल्याबाई होल्कर की मूर्तियों को सार्वजनिक किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि माता अहिल्याबाई होल्कर सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और सुशासन की प्रतीक हैं। ऐसी महान विभूति की मूर्तियों को छिपाना दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को चाहिए कि उनकी मूर्तियों को सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित कर श्रद्धालुओं और आमजन के दर्शन के लिए उपलब्ध कराए।

अजय राय ने इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा अब जनता की सेवा की पार्टी नहीं रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का उपयोग विकास और जनसेवा के बजाय डर और दबाव की राजनीति के लिए किया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था को देखते हुए एहतियातन सुरक्षा बढ़ाई गई थी। स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

Exit mobile version