वाराणसी। काशी की ऐतिहासिक धरा रविवार को उस समय भारतीय वायुसेना की शक्ति और शौर्य की साक्षी बनी, जब तीन जगुआर लड़ाकू विमानों ने गंगा के ऊपर शानदार हवाई रिहर्सल किया। आगामी वायुसेना दिवस 8 अक्टूबर के अवसर पर नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयरशो की तैयारियों के तहत यह अभ्यास किया गया।
रिहर्सल के दौरान तीनों विमानों ने समन्वित उड़ान, लो-लेवल फ्लाईपास्ट तथा विभिन्न एरियल फॉर्मेशन का अभ्यास किया। गंगा के ऊपर गर्जना करते हुए उड़ते इन अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों को देखने के लिए घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। विमान जब नमो घाट और आसपास के क्षेत्र के ऊपर से गुजरे तो लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इस रोमांचक दृश्य को कैद किया।
भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित यह एयरशो आगामी वायुसेना दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा। इस आयोजन का उद्देश्य देशवासियों को भारतीय वायुसेना की क्षमता, साहस और आधुनिक तकनीकी दक्षता से परिचित कराना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति एवं सैन्य सेवाओं के प्रति प्रेरणा जगाना है।
रिहर्सल के सफल आयोजन के बाद अब वाराणसी के नागरिकों में एयरशो को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है। उम्मीद की जा रही है कि वायुसेना दिवस पर नमो घाट पर हजारों की संख्या में लोग इस भव्य हवाई प्रदर्शन के साक्षी बनेंगे।

