प्रधान मंत्री ने ओडिशा के अम्‍फान तूफान से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया; 500 करोड़ रुपये की वित्‍तीय सहायता घोषित की

प्रधान मंत्री ने तूफान में मारे गए लोगों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की; घायलों के लिए 50,000 रुपये की घोषणा

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने चक्रवात अम्फान से उत्‍पन्‍न स्थिति का जायजा लेने के लिए आज ओडिशा का दौरा किया। उनके साथ केन्‍द्रीय मंत्री श्री धर्मेन्द्र प्रधान, केन्‍द्रीय राज्य मंत्री श्री बाबुल सुप्रियो, श्री प्रताप चन्द्र सारंगी और सुश्री देबाश्री चौधरी भी थी। प्रधान मंत्री ने चक्रवात के प्रभाव का आकलन करने के लिए ओडिशा के राज्यपाल, श्री गणेशी लाल, और मुख्यमंत्री श्री नवीन पटनायक के साथ भद्रक और बालासोर का हवाई सर्वेक्षण किया।
हवाई सर्वेक्षण के बाद, प्रधानमंत्री ने स्थिति की समीक्षा करने के लिए राज्य और केन्‍द्र सरकार के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ भुवनेश्वर में एक बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने ओडिशा राज्य को 500 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। एक अंतर-मंत्रालयी केन्‍द्रीय दल नुकसान का आकलन करेगा।
प्रधानमंत्री ने आश्‍वासन दिया कि इस कठिन समय पर केन्‍द्र सरकार राज्‍य सरकारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी और तूफान प्रभावित इलाकों में पुनरूद्धार और बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए हर संभव सहायता देगी।
प्रधानमंत्री ने ओडिशा के लोगों के साथ एकजुटता व्‍यक्‍त करते हुए तूफान में लोगों के मारे जाने पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया। उन्‍होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और तूफान में गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।    
******

PIB

One response to “ओडिशा-500 करोड़ रुपये की वित्‍तीय सहायता घोषित”

  1. Unknown Avatar

    Very good step

Leave a Reply

Designed with WordPress