लखनऊ, उत्तर प्रदेश

देश के सबसे बड़े ग्रामीण बैंक के साथ साझेदारी, मारुति सुजुकी का 50वां फाइनेंस पार्टनर जुड़ा
भारत की अग्रणी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने वाहन खरीद को और अधिक आसान व सुलभ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के साथ खुदरा वाहन वित्तपोषण (रिटेल फाइनेंसिंग) के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के साथ ही मारुति सुजुकी के रिटेल फाइनेंस पार्टनर्स की संख्या बढ़कर 50 हो गई है।
इस करार के तहत ग्राहकों को नई कारों, पुरानी (प्री-ओन्ड) गाड़ियों और कमर्शियल वाहनों के लिए आकर्षक और किफायती वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विशेष रूप से ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में वाहन स्वामित्व को आसान बनाना है, जहां उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की मजबूत पहुंच है।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, जिसकी स्थापना मई 2025 में तीन क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के विलय से हुई है, उत्तर प्रदेश में 4,300 से अधिक शाखाओं के माध्यम से अपनी सेवाएं प्रदान करता है। बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा प्रायोजित है और वर्तमान में यह देश का सबसे बड़ा ग्रामीण बैंक है।
समझौते पर हस्ताक्षर के अवसर पर मारुति सुजुकी के मार्केटिंग एवं सेल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी और उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष यादव एस. ठाकुर सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पार्थो बनर्जी ने कहा कि मारुति सुजुकी ग्राहकों के लिए कार खरीद की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रतिस्पर्धी और ग्राहक-अनुकूल वित्तीय समाधानों के माध्यम से कंपनी अधिक से अधिक लोगों को वाहन स्वामित्व का सपना पूरा करने में मदद कर रही है।
वहीं, बैंक के अध्यक्ष यादव एस. ठाकुर ने इस साझेदारी को बैंक की ग्राहक-प्रथम (Customer First) नीति के अनुरूप बताया। उन्होंने कहा कि यह सहयोग ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों के लोगों एवं परिवारों को सुलभ वित्तीय समाधान प्रदान कर उनके वाहन खरीद के सपनों को साकार करने में सहायक सिद्ध होगा।
गौरतलब है कि मारुति सुजुकी का देशभर में 4,500 से अधिक बिक्री आउटलेट्स और 5,500 से ज्यादा सर्विस सेंटरों का नेटवर्क है। कंपनी विभिन्न मूल्य वर्गों में 18 मॉडलों का निर्माण करती है और इसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता 26 लाख यूनिट है।
यह साझेदारी न केवल दोनों संस्थानों के लिए बल्कि देश के लाखों संभावित वाहन खरीदारों के लिए भी एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Leave a Reply

Designed with WordPress

Discover more from ŦH€ अखंड भारत

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading