गाज़ीपुर। उत्तर प्रदेश

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के गाज़ीपुर जिले में एक बार फिर गंभीर घटना सामने आई है। जिले में बैंक से जुड़ी यह बीते कुछ दिनों में तीसरी बड़ी घटना बताई जा रही है। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक में कार्यरत शाखा प्रबंधक श्री अमित कुमार देर रात क्षेत्रीय कार्यालय से मीटिंग समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी उनका एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं और दोनों पैर टूट गए हैं। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, बैंक कर्मचारियों को देर रात लगभग 10 बजे क्षेत्रीय कार्यालय से मीटिंग के बाद छोड़ा गया था। इसी दौरान घर जाते समय यह हादसा हुआ। घटना के बाद से बैंक कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

मामले को लेकर गाज़ीपुर के एक वरिष्ठ बैंक अधिकारी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही एक महिला अधिकारी के साथ शाखा से घर लौटते समय बदसलूकी की घटना हुई थी। इसकी लिखित शिकायत क्षेत्रीय प्रबंधक से की गई थी और संबंधित शाखा से स्थानांतरण की मांग भी की गई थी, लेकिन दो माह बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गाज़ीपुर जिले में आए दिन बैंक कर्मचारियों के साथ कोई न कोई अप्रिय घटना होती रहती है, जिससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

शाखा प्रबंधक के साथ हुए ताजा हादसे के बाद बैंक कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को पूरे जिले के उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के कर्मचारियों ने क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया और बैंक प्रबंधन से कर्मचारियों की सुरक्षा, कार्य समय और लंबित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Designed with WordPress

Discover more from ŦH€ अखंड भारत

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading