वाराणसी। SRP युवा शक्ति द्वारा अपने कार्यालय, ज्योति भूषण वृद्धाश्रम, श्री राधा-कृष्ण चित्रगुप्त मंदिर, हिरामनपुर में वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के साथ हर्षोल्लास एवं धूमधाम से दीपोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर संगठन की पहली मासिक बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें प्रदेश कार्यकारिणी का गठन करते हुए विभिन्न पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
प्रदेश कार्यकारिणी में श्री जगजीत कुशवाहा जी को प्रभारी, एडवोकेट राकेश गुप्ता जी को संयोजक, श्री विनय जायसवाल जी को अध्यक्ष तथा श्री प्रदीप गुप्ता जी को संगठन का महामंत्री बनाया गया। वहीं श्री पंकज मौर्या जी को प्रचार–प्रसार महामंत्री, श्री अम्बरीश राय जी को उपाध्यक्ष एवं श्री शैलेंद्र दुबे को कार्यालय प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे श्री गजेंद्र सिंह जी ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। इस दौरान श्री राहुल सिन्हा जी ने सभी पदाधिकारियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा संगठन के नए दायित्वों के निर्वहन में आने वाली चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों के दौरान अनेक चुनौतियां सामने आती हैं, लेकिन दृढ़ इच्छाशक्ति, सामूहिक प्रयास और सेवा भाव से प्रत्येक चुनौती का सामना किया जा सकता है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ काशी के अध्यक्ष श्री विनोद शर्मा जी ने आध्यात्मिक वातावरण में ‘नमः पार्वती पतये, हर-हर महादेव’ के पावन उद्घोष के साथ सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं उपस्थित कार्यकर्ताओं को अपना आशीर्वाद प्रदान किया। उनके आशीर्वचनों से कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।
कार्यक्रम का सबसे भावुक एवं आत्मीय क्षण वह रहा, जब संगठन के सभी कार्यकर्ताओं ने वृद्धाश्रम में निवासरत बुजुर्गों के साथ दीपोत्सव की खुशियां साझा कीं। कार्यकर्ताओं ने बुजुर्गों को अपने हाथों से मिठाइयां खिलाईं, उनके साथ खुशियां बांटीं और फुलझड़ियां जलाकर दीपावली का उत्सव मनाया। इस दौरान बुजुर्गों के चेहरों पर प्रसन्नता और आत्मीयता का भाव देखते ही बन रहा था।
SRP युवा शक्ति की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता केवल अपने परिवार के साथ खुशियां मनाने में नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों के साथ भी खुशियां साझा करने में है, जिन्हें स्नेह, सम्मान और अपनेपन की सबसे अधिक आवश्यकता है। बुजुर्गों का सम्मान, उनकी सेवा और उनके साथ समय बिताना हमारी सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

“व्यक्ति नहीं, विचार सर्वोपरि; पद नहीं, दायित्व महत्वपूर्ण; और स्वार्थ नहीं, संगठन हित सर्वोपरि।” श्री दंतोपंत ठेंगड़ी जी

Contact for Advertisements

Leave a Reply