दिनांक: 11 नवंबर 2026| वाराणसी
आज शाम 4:00 बजे श्री चित्रगुप्त राधा कृष्ण मंदिर प्रांगण में चित्रगुप्त पूजा एवं कलम-दवात पूजन का भव्य और सामूहिक आयोजन अत्यंत श्रद्धा व उल्लास के साथ संपन्न हुआ। सामूहिक रुद्राभिषेक पीठ के पीठ प्रमुख एवं मुख्य संयोजक डॉ. राहुल सिन्हा इस विशेष अनुष्ठान के मुख्य यजमान रहे। पूजन कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत उनके द्वारा की गई, जिसके पश्चात उपस्थित सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से कलम-दवात की पूजा-अर्चना की। यह संपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान मंदिर के महंत श्री रमेश बाबा की पावन देखरेख में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारे विशाल भारत संस्थान के प्रमुख राजीव श्री गुरु जी ने अपने उद्बोधन में भगवान चित्रगुप्त की महिमा और कलम-दवात पूजन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चित्रगुप्त एवं कलम-दवात पूजा किसी एक जाति विशेष तक सीमित नहीं है, अपितु यह सर्व समाज का पर्व है। उन्होंने आह्वान किया कि लेखक, साहित्यकार और कलम से जुड़े हर वर्ग को यह पूजन अवश्य करना चाहिए। विशेष रूप से विद्यार्थियों को वर्ष में एक बार कलम-दवात की पूजा जरूर करनी चाहिए, क्योंकि इससे सफलता के प्रति उनकी संकल्पशक्ति दृढ़ होती है और लक्ष्य की सिद्धि होती है।
समारोह में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित प्रख्यात पत्रकार एवं वरिष्ठ संपादक स्नेह रंजन जी ने मानव विकास में लेखनी की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यदि लेखनी न होती, तो न ही हमारे शास्त्र लिखे जाते और न ही इतिहास का संकलन हो पाता, जिनका अनुकरण कर आज समाज निरंतर प्रगति कर रहा है। लेखनी हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, इसलिए वर्ष में एक बार इसकी सामूहिक आराधना में सभी को सम्मिलित होना चाहिए।
वहीं, विशिष्ट अतिथि श्री सुरेंद्र सिंह जी ने अपने संबोधन में कहा कि जिस प्रकार शारीरिक सुरक्षा के लिए शस्त्र आवश्यक है, उसी प्रकार हमारे अस्तित्व और विचारों की सुरक्षा के लिए कलम अनिवार्य है। यदि मानव जीवन से कलम का महत्व समाप्त हो जाए, तो मनुष्य का अस्तित्व ही संकट में पड़ जाएगा। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में उपस्थित लेखनी समाज से जुड़े अन्य प्रबुद्ध जनों ने भी अपने विचार साझा किए।
समारोह के दौरान सभी आमंत्रित अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का कुशल संचालन कलमकार मयंक श्रीवास्तव जी ने किया तथा अंत में चित्रगुप्त महासमिति के अध्यक्ष मोहनलाल श्रीवास्तव जी ने सभी आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सफल एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में श्रीश श्रीवास्तव एवं हरिशंकर सिन्हा की मुख्य सहयोगी भूमिका रही।
उक्त अवसर पर जयजीत कुशवाहा, अखिल भारतीय ग्रामीण बैंक के राष्ट्रीय सचिव, श्री अम्बरीश राय, लोकनाथ पांडे, मुकुंद नारायण पांडे, गजेंद्र सिंह, साधना अग्रहरी, आशुतोष अग्रहरी,ममता पटेल, श्यामा सिंह आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे। पूजन के उपरांत आयोजित भंडारे में आसपास के हजारों श्रद्धालुओं ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।



Leave a Reply